निगम ने मानी मांगे, अब लोग नहीं होंगे अपने घर से बेदखल

CG News Today



 

राजनांदगांव।  राजनांदगांव में मोर मकान मोर चिन्हारी योजना के तहत बने मकानों पर रह रहे लोगों को अब बेदखल नहीं किया जाएगा।  नगर निगम ने रहवासियों की चारों मांगे मान ली है, इसके तहत जिन मकानों को नगर निगम ने सील किया है उन्हें वापस खोला जाएगा और वर्तमान में रह रहे लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही पात्र और अपात्र लोगों की जांच करने के बाद उन्हें मकानों का आवंटन भी किया जाएगा।  नगर निगम की बेदखली की कार्रवाई के विरोध में आत्महत्या की कोशिश करने वाली यास्मीन के मामले में भी एसडीएम ने जांच की मांग को मान लिया है।

नगर निगम का घेराव किया

बता दें कि मोर मकान मोर चिन्हारी योजना के तहत बने मकानों में रह रहे लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई का खुला विरोध किया।  तिरंगा यात्रा निकालकर लोग कलेक्टोरेट से नारेबाजी करते हुए नगर निगम पहुंचे और नगर निगम का घेराव किया।  इस दौरान लोगों ने नगर निगम की बेदखली की कार्रवाई को गलत बताते हुए जमकर विरोध किया।

यह भी पढ़ें…

छत्तीसगढ़ बजट 2022-23: सीएम भूपेश बघेल ने किया बड़ा एलान, जानिए-क्या है सरकार का नया प्रावधान

विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप भी लगाए इस बीच नगर निगम के अधिकारी यास्मीन के आत्महत्या की कोशिश किये जाने की घटना से डरे सहमें दिखाई दिए।

नगर निगम के राजस्व विभाग के अधिकारी सुदेश सिंह मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शनकारियों की चारों मांगों को मानते हुए उन्हें शांत कराया तकरीबन डेढ़ घंटे के प्रदर्शन के बाद मामला शांत हुआ।

यह भी पढ़ें…

सीएम बघेल ने कहा- राजनांदगांव आने पर मुझे बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ी, जानिए वजह…

उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया

बेदखली की कार्रवाई के दौरान आत्महत्या की कोशिश करने वाली यासमीन के मामले में नगर निगम ने जांच समिति का गठन करने का फैसला लिया है।  इस मामले को लेकर के नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि उपरोक्त प्रकरण के सम्पूर्ण पहुलओं की जांच के लिये उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है ।  समिति के अध्यक्ष उपायुक्त होगें और विधि अधिकारी, लेखा अधिकारी सदस्य होंगे और  प्रस्तुतकर्ता कार्यालय अधीक्षक होंगे। गठित समिति संपूर्ण पहलुओं की सूक्ष्मता से जांच कर प्रतिवेदन 15 दिवस के भीतर प्रस्तुत करेंगे।