रायपुर। विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में विधानसभा के समिति कक्ष में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई। पहले ही दिन आरक्षण के मुद्दे पर हंगामा देखने को मिला। वहीं पीएचई मंत्री रूद्र गुरु के जवाब से विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। जल जीवन मिशन में अभी सवाल-जवाब का सत्र चल रहा है।
विपक्ष के विधायक डॉक्टर कृष्णमूर्ति बांधी ने जल जीवन मिशन के टेंडर में गड़बड़ी का मामला उठाया ।
विधायक कृष्णमूर्ति बांधी ने पूछा –
1 – बिलासपुर जिले में 15 जुलाई 2022 से 07 दिसम्बर, 2022 तक जल जीवन मिशन के तहत कितने टेंडर निकले और कितने टेंडरों के लिए रिटेंडर या संशोधित किया गया ?
2 – संशोधित टेंडर के लिए कितनी समय-सीमा निर्धारित की गयी थी….ऑनलाइन ऑफलाइन रिटेंडर के लिए क्या समय सीमा निर्धारित तौर पर अगर विभाग द्वारा नियमों के विरुद्ध टेंडर किये गए तो उस पर क्या क्या कार्यवाही हुई?
3 – इन टेंडरों के सम्बन्ध में जिला प्रशासन को कितनी शिकायतें प्राप्त हुई और उन पर क्या कार्यवाही की गई ?
पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने अपने
जवाब में कहा –
1 – बिलासपुर जिले में 15 जुलाई 2022 से दिनांक 07 दिसम्बर, 2022 तक जल जीवन मिशन के तहत कुल 201 टेंडर निकाले गये, इनमें से 80 टेंडर- रिटेंडर तथा 15 टैंडरों के समय- सीमा में संशोधन किया गया।
2 – संशोधित एवं रिटेंडर के लिये निर्धारित समय सीमा, निविदाकार की जानकारी पुस्तकालय में रखे प्रपत्र अनुसार है। कोई भी निविदा ऑफ-लाइन रिटेंडर नहीं की गई है।
3 – विभाग द्वारा नियम के विरूद्ध टेंडर नहीं किये गये हैं। इन टेंडरों के संबंध में जिला प्रशासन को 03 शिकायतें प्राप्त हुई थी, जिनका निराकरण कर, प्रतिवेदन जिला प्रशासन को प्रेषित कर दिया गया है।
बांधी ने कहा- टेंडर रद्द होने के बाद नये टेंडर को अधिक दर पार खोला गया। इससे शासन को हानि हुई।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह गंभीर मामला है। 200 टेंडर में से 80 टेंडर रद्द करनी पड़े। ये सही नहीं है। इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि एक जुलाई से जब नया एसओआर आया तब 15 जुलाई को टेंडर रद्द क्यों किया गया।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा- जल जीवन मिशन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। ये सौ करोड़ से ज्यादा की लूट है। ये लोकधन की लूट है।
तेलंगाना और ओडिशा जैसे राज्यों में ये प्रोजेक्ट पूरा हो गया है। सितंबर 2023 तक इस मिशन का काम ख़त्म करना है।