रायपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की क्षेत्रीय प्रशासिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी कमला दीदी का पार्थिव शरीर रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। बता दें कि शनिवार को सुबह 9 बजे दीदी इस दुनियां को हमेशा के लिए अलविदा कह दी। वह पिछले कुछ दिनों से बिमार चल रही थीं। रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका ईलाज चल रहा था।
कमला दीदी का पार्थिव शरीर शनिवार से ही आम लोगों के दर्शनार्थ के लिए विधानसभा रोड स्थित शान्ति सरोवर में रखा गया था। जहां शनिवार और रविवार को हजारों की संख्या लोग श्रद्धांजलि और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। यहीं पर उनका अन्तिम संस्कार किया। इस अवसर पर श्रद्धांजलि देने विधायक बृजमोहन अग्रवाल और महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक भी पहुंची।
सेवाओं को छत्तीसगढ़ में विस्तारित करने में उनकी अहम भूमिका
बता दें कि वह पिछले कुछ दिनों से बिमार थीं। पहले मुम्बई के ब्रीज कैण्डी अस्पताल में और बाद में रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार को सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सेवाओं को छत्तीसगढ़ में विस्तारित करने में उनकी अहम भूमिका थीं। माउण्ट आबू के बाहर विश्व का प्रथम रिट्रीट सेन्टर के रूप में शान्ति सरोवर का निर्माण उनके ही अथक परिश्रम से सम्भव हो सका।
वर्तमान समय इन्दौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका के रूप में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश के साथ ही समीपवर्ती राजस्थान और उड़ीसा के कुछ सेवाकेन्द्रों का प्रशासन भी देख रही थीं।
वह हमारी संस्थान की ब्रह्माकुमारीज एजुकेशनल सोसायटी एवं राजयोगा एजुकेशन एण्ड रिसर्च फाउण्डेशन की गवर्निंग बोर्ड की सदस्या होने के साथ ही सुरक्षा सेवा प्रभाग की नेशनल कोआर्डिनेटर भी थीं।
राजयोगिनी कमला दीदी के दिल में आदिवासियों के प्रति बहुत दयाभाव था। उनके मार्गदर्शन में 15 मई 1987 से बस्तर अंचल के 65 ग्रामों में अध्यात्म के द्वारा आदिवासियों के जीवन को संवारने-सुधारने का कार्य किया जा रहा है।
कमला दीदी द्वारा किया गया सेवाकार्य-
-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, नेताप्रतिपक्ष सहित पक्ष-विपक्ष के सारे राजनेतागण माउण्ट आबू तीन दिनों के लिए राजयोग शिविर करने गए।
-माउण्ट आबू के बाहर प्रथम बार बड़ी जमीन लेकर (लगभग नौ एकड़ क्षेत्र) में रिट्रीट सेन्टर बनाने का कार्य किया।
– हरेक वर्ष बजट सत्र के पहले दिन पूरी विधानसभा जिसमें मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष सहित पक्ष-विपक्ष के सारे मंत्री और विधायकगण को ब्रह्माभोजन पर शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में आमंत्रित करने का शुभ कार्य भी कमला दीदी ने प्रारम्भ कराया जो कि आज तक निरन्तर चल रहा है।
– छत्तीसगढ़ के प्राय: सभी राज्यपालों को माउण्ट आबू में बाबा के घर लेकर गईं और उन्हें ईश्वरीय ज्ञान योग से अवगत कराया।