
नोटबंदी के चार साल पूरे होने पर कांग्रेस ने इसे मोदी सरकार के विश्वासघात दिवस के रुप में मनाया। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रव्यापी स्पीकअप कैंपेन चलाकर नोटबंदी से उपजे हालातों का जिक्र किया। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा नेताओं के कालेधन सफेद करते हुए कई बैंक अधिकारी भी पाए गए। नोटबंदी के विरोध में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि अर्थव्यवस्था को नष्ट करने और लाखों लोगों को बर्बाद करने के बाद, मोदी सरकार को नोटबंदी नामक आपदा के लिए देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नोटबंदी मोदी सरकार की सबसे बड़ी असफलता थी। मरकाम ने कहा कि न लोगांे के खाते में 15-15 लाख रुपए आए,न आतंकवाद पर रोक लगी, न ही नक्सलवाद खत्म हुआ। अर्थात जिस उद्देश्य के साथ इसे लागू किया था उसमें यह पूरी तरह फेल साबित हुई। इसी तरह नकली नोट पकड़े गए, भ्रष्टाचार खुलेआम होता रहा। सैकड़ों लोग लाइन में खड़े-खड़े जान गंवा बैठे। सकल घरेलू उत्पाद में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई जिसका सीधा असर रोजगार पर पड़ा है। पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, संचार प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी, प्रभारी महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, पंकज शर्मा, प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला, विकास तिवारी, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, अजय गंगवानी, जिलाध्यक्ष गिरीश दुबे समेत अन्य नेता मौजूद थे।
नोटबंदी पर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को विश्वासघात करने वाली संस्था कहा है। भाजपा ने कहा कि नोटबंदी से लोगों को नहीं, बल्कि कांग्रेस के नेताओं को ही सबसे बड़ा नुकसान हुआ है, इसलिए चार साल बाद भी दर्द सता रहा है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने नोटबंदी पर पीसीसी अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि देश जानता है कि विश्वासघात की एकमात्र संस्था कांग्रेस है। कांग्रेस ने आजादी के बाद देश के लोगों से विश्वासघात के अलावा कुछ और नहीं किया। कौशिक ने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष को यह पता होना चाहिए कि नोटबंदी के बाद भाजपा को लोकसभा और यूपी जैसे बड़े प्रदेश में विशाल जनसमर्थन मिला था। यह इस बात को साबित करता है कि नोटबंदी राष्ट्र की समृद्ध अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी था। पीएम नरेंद्र मोदी के हर सार्थक फैसले के साथ राष्ट्र का जुड़ाव है, लेकिन कांग्रेस अपनी कमजोर होती जनाधार से चिंतित होकर इस तरह के बयान देने पर विवश है। भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस ने देश की जनता के साथ सालों से विश्वासघात किया है। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा देकर देश को छला। कांग्रेस के राज में ही पाताल से लेकर आकाश तक भ्रष्टाचार निकलकर सामने आए।
नोटबंदी के चार साल बाद भी कांग्रेस नेताओं को दर्द है तो उनकी अताह पीड़ा और नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्पष्ट है कि नोटबंदी से कांग्रेस के ही नेताओं को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में दो सालों में कांग्रेस की सरकार ने विश्वासघात का कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्वासघाती कांग्रेस और सरकार को जनता को जवाब देना चाहिए। शराबबंदी ना कर और अवैध शराब घर पहुंच सेवा वाली सरकार ने कैसे विश्वासघात किया है। बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। धान की खरीदी में महीनों विलंब कर किसानों के साथ विश्वासघात किया है। अब विश्वासघाती कांग्रेस को जनता पहचान चुकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35d2d4a
0 komentar