
बाजार से लौट रहे सराफा व्यवसायी का रास्ता रोककर बाइक सवार लुटेरों ने मारपीट की और उनसे जेवरों से भरे बैग छीन लिए। इसमें 17 लाख का सोना-चांदी था। पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
वारदात में शामिल एक आरोपी जेल में हत्या के केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। पैरोल पर घर आया था। इसी तरह उसका साथी निगरानीशुदा बदमाश है। ग्राम टिकारी निवासी आनंद मोहित सोनी लूटपाट के शिकार हुए। वे सराफा व्यवसायी हैं।
सीएसपी निमिषा पांडेय के अनुसार गुरुवार को ओखर बाजार से शाम को मनीराम साहू के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। उनके पास दो बैग थे। दोनों में जेवर रखे थे। भगवानपाली नहर के पास नेवरा निवासी दीपक सिंह व समीर ने उन्हें रोका और लाठियों से हमला कर दिया। इससे दोनों गिर पड़े।
इस बीच युवकों ने उनसे बैग छीन लिया और चाकू निकालकर धमकी देते हुए भाग निकले। दोनों बिना नंबर की बाइक में थे। घटना के बाद सराफा व्यवसायी ने मस्तूरी थाने में सूचना दी। थाना प्रभारी फैजुल शाह ने अधिकारियों को बताया और पुलिस बल के साथ लुटेरों की खोजबीन शुरू की।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से दीपक सिंह को बिनैका के पास खेत में दबोच लिया। उसके पास जेवरों से एक बैग था। इसके बाद मस्तूरी थाना प्रभारी व मल्हार चौकी प्रभारी दिनेश तिवारी मिलकर समीर सिंह की खोजबीन शुरू की।
समीर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था। पुलिस ने उसके घर में दबिश दी तो वह अपने घर के पीछे खेत में छिपा मिला। दूसरा बैग उसके पास था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उनसे बैग के साथ साथ,चाकू, बाइक व डंडा जब्त किया गया है। बैग में 17 लाख 6 हजार के जेवर थे।
जेवर खरीदकर घर लौट रही महिला से मंगला में लूट
जेवर खरीदकर पति के साथ घर लौट रही महिला मंगला बस्ती के पास दिनदहाड़े लूट का शिकार हो गई। बाइक सवार युवक ने उसके हाथ से पर्स छीन लिया। इसमें सोने के टाॅप्स व पायल थे। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पतासाजी शुरू कर दी है। अभिषेक विहार फेस-टू निवासी अनिल मिश्रा 48वर्ष शुक्रवार को अपनी पत्नी ज्योति मिश्रा 45वर्ष के साथ सराफा बाजार गए थे। उन्होंने यहां से सोने के टाॅप्स व पायल खरीदा।
इसे लेकर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे मंगला बस्ती के पास उनके करीब एक बाइक पीछे से आई और इसमें सवार युवक तेजी से महिला के हाथ से पर्स छीनकर भाग निकला।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और बाइक का पीछा किया पर सफलता नहीं मिली। वह गायब हो चुका था। महिला के पति ने थाने आकर पुलिस को सूचना दी। लुटेरों की खोजबीन शुरू कर दी गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34tuGBP
0 komentar