
दल से बिछड़ा हाथी दो दिनों से जिले के नारायणपुर क्षेत्र में रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों के घरों काे नुकसान पहुंचा रहा है। दल से अलग होकर विचरण कर रहे हाथी से ग्रामीण भी दहशत में हैं। शाम होते ही हाथी नारायणपुर क्षेत्र के किसी ना किसी गांव में घुस जा रहा है। गांव में हाथी पहुंचने के बाद ग्रामीण एकजुट होकर हाथी को खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं। रविवार की रात को हाथी ने नारायणपुर बस्ती में दो ग्रामीणों को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया था। वहीं सोमवार की रात को भी हाथी ने दो घरों को क्षति पहुंचाया।
सोमवार की रात को दल से बिछुड़ा हुआ हाथी कलीबा के मांझाटोली और बैगाटोली में पहुंचा। बस्ती में हाथी ने अरविंद और ख्रिस्तोफर के घर को क्षति पहुंचाते हुए घर में मूंगफली और धान को खा गया। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की रात 9 बजे हाथी रजौटी की तरफ से गांव पहुंचा और अरविंद के घर के दीवार को अपने दांत से मारकर तोड़ दिया। जब हाथी दीवार तोड़ रहा था उस समय अरविंद की मां अकेले घर पर ही थी। जब हाथी ने पहला वार करते हुए दीवार को तोड़ा तो एक बड़ा मलबा महिला के ऊपर गिरने से बच गया। दीवार गिरने की आवाज आते ही महिला उठकर देखी तो उसे हाथी की सूंड दिखाई दिया। जिसके बाद वह दबे पांव अपने घर का दरवाजा खोलकर जान बचाते हुए मौके से भाग निकली। घर से निकलने के बाद महिला ने हाथी आने की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों मशाल जलाकर कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को गांव से खदेड़ा। गांव में हाथी के आने की जानकारी होते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव तत्काल मौके पर पहुंच गए। उपेंद्र यादव ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3oTZsvj
0 komentar