
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दुबई से लौटे एक युवक को नौकरी का झांसा देकर ऑनलाइन 6.82 लाख रुपए ठग लिए गए। अपने शहर लौटने के बाद युवक ने इंटरनेट के जरिए नौकरी के लिए अप्लाई किया था। शातिर ठगों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 24 हजार रुपए जमा कराए और एक लिंक भेजा। उसे खोलते ही खाते से बाकी रुपए भी निकल गए। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, भरनी परसदा निवासी आशीष सिंह एक साल पहले दुबई में काम करते थे। इसके बाद वे बिलासपुर लौट आए। यहां वे इंटरनेट के जरिए नौकरी की तलाश कर रहे थे। इस दौरान एक कंपनी में नौकरी की जानकारी मिली तो उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया। इसके बाद उन्हें ई-मेल कर ऑनलाइन इंटरव्यू में शामिल होने को कहा गया। इंटरव्यू के लिए 24 हजार रुपए प्रोसेसिंग फीस जमा कराई गई।
शिकायत पर फिर लिंक भेज खाते से काट लिए 6 लाख रुपए
रुपए जमा करने के बाद उन्हें फिर एक लिंक भेजा गया। उसे खोलते ही उनके खाते से 58 हजार रुपए कट गए। उन्होंने शिकायत की तो दूसरा लिंक भेजा गया। इस बार लिंक खोला तो खाते से 6 लाख रुपए कट गए। इस पर उन्हें धोखाधड़ी की आशंका हुई। फिर उन्होंने थाने में मामला दर्ज कराया। आशीष सिंह दुबई में 50 लाख रुपए के पैकेज पर नौकरी कर रहे थे। परिवार के साथ रहने के लिए वह शहर लौट आए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hpL4sq
0 komentar