
केंद्र सरकार के कृषि संबंधी विवादित कानूनों के समर्थन में भाजपा पूरे प्रदेश में किसान महापंचायत कर रही है। आज कवर्धा में प्रस्तावित किसान महापंचायत के आयोजन स्थल को लेकर विवाद हो गया है। कवर्धा प्रशासन ने भाजपा को अपनी किसान पंचायत का आयोजन पूर्व निर्धारित गांधी मैदान की जगह राजमहल चौक स्थित राजीव गांधी पार्क में करने को कहा है। इधर, भाजपा गांधी मैदान में ही तैयारी कर रही है। इस पंचायत में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी कवर्धा पहुंच रहे हैं।
16 दिसंबर को मिली थी अनुमति
भाजपा के जिला मंत्री दुर्गेश ठाकुर ने बताया, उन्होंने 14 दिसम्बर को लिखित आवेदन देकर गांधी मैदान कवर्धा में आयोजन की अनुमति मांगी थी। 16 दिसम्बर को एसडीएम ने पूर्व निर्धारित शर्तों के साथ लिखित अनुमति जारी कर दिया। नगर पालिका परिषद में आयोजन के लिए निर्धारित 3 हजार रुपए का शुल्क भी अदा कर दिया गया। संगठन सभा की तैयारियों में लग गया। अचानक पता नहीं क्या हुआ कि 17 दिसम्बर की सुबह प्रशासन की टीम सुबह पार्टी के जिला कार्यालय पहुंची और पुरानी अनुमति निरस्त कर आयोजन स्थल राजीव पार्क करने का पत्र गेट पर चस्पा कर चले गए।
भाजपा ने कहा- पूर्व सीएम की सुरक्षा को देख गांधी मैदान मांगा था
भाजपा नेताओं का आरोप है, अब कोई अधिकारी उनका फोन नहीं उठा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है, इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह भी शामिल हो रहे हैं। उनकी सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए गांधी मैदान मांगा गया था। राजीव गांधी पार्क छोटा है और उसमें प्रवेश और निकासी के लिए एक ही गेट है। ऐसे में सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में कवर्धा कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने कहा, शहर में धरना-प्रदर्शन और राजनीतिक आयोजनों के लिए पहले से राजीव गांधी पार्क तय है। अभी वहां कोई आयोजन नहीं हो रहा है, इसलिए भाजपा को वहां सभा करने की अनुमति दी गई है।
पिछली सरकार से बंद था गांधी पार्क में आयोजन
बताया जा रहा है, कवर्धा के मुख्य बाजार के पास गांधी पार्क में राजनीतिक आयोजन पिछले पांच वर्षों से बंद थे। उसके पीछे भी तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह की सुरक्षा को ही बताया गया था। इसी पार्क के पास डॉ. रमन सिंह का घर है। प्रशासन का तर्क था, यहां भीड़ होने से मुख्यमंत्री की सुरक्षा प्रभावित होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3rbnzYG
0 komentar