कटघोरा वन मंडल में हाथियों के बाद भालुओं का भी उत्पात जारी है। कटघोरा परिक्षेत्र के झाबू नवागांव जंगल में झाड़ू के लिए घास काटने गई दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। एक महिला हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसे मरा समझकर भालू ने दूसरी महिला पर हमला करते हुए जबड़े में दबाकर जंगल के भीतर ले गया। वन अमला उसकी तलाश में जुटा हुआ है लेकिन देर शाम तक महिला का पता नहीं चल पाया। घायल महिला को कोरबा जिला अस्पताल के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। नवागांव निवासी पुनिया बाई यादव (58) और लक्षमनिया दास (55) रविवार की सुबह 8 बजे झाडू़ बनाने के लिए घास काटने जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान भालू ने हमला कर दिया। शोर मचाने पर भी भालू ने नहीं छोड़ा। हमले में पुनिया बाई गंभीर रूप से घायल हो गई। वह बेसुध होकर जमीन पर पड़ी रही। भालू ने उसे मरा समझकर लक्षमनिया पर हमला कर दिया। आवाज सुनकर ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो पुनिया बाई खून से लथपथ पड़ी थी। उसे खाट में उठाकर घर लाया गया। उसके बाद डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां से सिम्स रेफर कर दिया गया है। दूसरी ओर लक्षमनिया का मौके पर घास काटने रखा हसिया ही मिला है। भालू उसे अपने जबड़े में दबाकर जंगल की ओर चला गया। उसके परिजन जब जंगल के भीतर गए तो उन्हें भी भालू ने दौड़ाया।
महिला को ढूंढ़ने चलाया जा रहा रेस्क्यू: रेंजर
वन परिक्षेत्राधिकारी मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि लापता महिला की तलाश के लिए रेस्क्यू किया जा रहा है। शाम होने की वजह से सुबह से फिर रेस्क्यू चलाया जाएगा। भालू काफी आक्रमक हो गया है। जिसकी वजह से ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।
दादी को ढूंढने गए दो युवक भी हुए घायल
लापता महिला को ढूंढने गए विनोद व परमेश्वर को भालू ने दौड़ाया जिससे वे दोनों भी गिरकर घायल हो गए। महिला दोनों युवकों की दादी है । ग्रामीणों के अनुसार भालू ने महिला को घेर कर रखा है जो भी उसके पास जाने का प्रयास कर रहा है उसे वह दौड़ा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2KGazJB
0 komentar