
मसाला फिल्मों की तरह छत्तीसगढ़ की राजनीति भी दशक भर पुराने मामलों का बदला लेने के प्लाट पर आ गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के जन्मदिन पर रायपुर में कांग्रेस नेताओं ने 2010 में तिरंगा केक काट दिया था। एफआईआर हो गई थी। 10 साल बाद कांग्रेस को ऐसे ही मामले में मौका मिल गया।
शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर वैसा ही केक काटा है। अब कांग्रेस भड़की हुई है। जिला कांग्रेस के नेताओं ने रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत सौंपकर केक काटने वाले भाजपा नेताओं पर एफआईआर की मांग की है।
एक दिन पहले दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी का जन्मदिन था। भाजपा ने इसे बड़े उत्साह से मनाया। उसी दौरान राष्ट्रीय ध्वज के रंग में रंगा केक काटा गया। केक काटने के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद सुनील सोनी और संजू नारायण सिंह ठाकुर जैसे नेता शामिल थे।
उसकी तस्वीर सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं को 10 साल पुरानी घटना याद आ गई। उन्होंने इसे मौके की तरह लिया। रायपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश दुबे और रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे की अगुवाई में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए।
उन्होंने सिविल लाइन थाने को आवेदन देकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर कार्रवाई की मांग की। शिकायत सौंपने वालों में कांग्रेस के शहर प्रवक्ता बंशी कन्नौजे, ब्लाक अध्यक्ष प्रशांत ठेंगड़ी, शीत श्रीवास, शेखर साहू, जी. श्रीनिवास, यश साहू, मुरली साहू, शिव वर्मा आदि शामिल थे।

क्या हुआ था 2010 में
दरअसल 2010 में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के जन्मदिन पर रायपुर जिला कांग्रेस के नेताओं ने तिरंगा केक काटा था। भाजपा ने उनपर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाकर हंगामा काटा।
विरोध प्रदर्शन हुए, रैलियां निकाली गईं। भाजपा की सरकार थी, ऐसे में कांग्रेस के दो नेताओं डीसीसी अध्यक्ष इंदरचंद धाड़ीवाल और महामंत्री सुभाष शर्मा के खिलाफ एफआईआर हो गई।
तब तो आसमान सर पर उठा लिया था
रायपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा, विगत वर्षों में जब कांग्रेस नेताओं ने गलती से तिरंगा केक काट दिया था तो भाजपा नेताओं ने आसमान सर पर उठा लिया था। हमारे नेताओं के खिलाफ तिरंगे के अपमान की नामजद रिपोर्ट लिखी गई थी।
अब ये स्वयंभू राष्ट्रभक्त राष्ट्रीय ध्वज जैसा केक काट रहे हैं। यहां तो इनका पूरा शीर्ष नेतृत्व मौजूद था। उन्होंने कहा, हम लोगों ने भी एफआईआर के लिए आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस नेता बोले, हम बर्दाश्त नहीं करेंगे
रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे ने कहा, राष्ट्रवाद और राष्ट्रभक्त होने का दावा करने वालों में तिरंगे जैसा केक बनाकर काटा है। उन्होंने साबित कर दिया है कि वे लोग कितने बड़े राष्ट्रभक्त हैं। कांग्रेस तिरंगे को यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। हम लाेगों ने सिविल लाइन थाने में एफआईआर के लिए आवेदन दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aIs2vW
0 komentar