
बिलासपुर विधायक शैलेश पाण्डेय और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तैयब हुसैन के बीच सोमवार को हुए विवाद और धक्कामुक्की की घटना ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को नाराज कर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अब एक्शन की तैयारी है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई है।
विवाद की जांच के लिए बनी समिति में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चुन्नीलाल साहू, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और महामंत्री पियूष कोसरे शामिल हैं। जांच समिति को तत्काल बिलासपुर जाने को कहा गया है। जांच समिति को विवाद के दोनों पक्षकारों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत कर विवाद की वजह को तलाशने की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है।
बता दें, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को बिलासपुर प्रवास पर थे। इस दौरान न्यू सर्किट हाउस में स्थानीय कांग्रेस नेता इकट्ठा हुए थे। वहीं पर क्षेत्रीय विधायक शैलेष पाण्डेय ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तैयब हुसैन को ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने की बधाई दी। तैयब हुसैन ने उसे तंज समझा।
उन्होंने कहा, आप तो चाहते ही नहीं थे कि मैं ब्लॉक अध्यक्ष बनूं। विधायक ने कहा, वे इस पद पर किसी नये आदमी को देखना चाहते थे। ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा- अगली बार हम भी किसी नये आदमी को विधायक बना देंगे। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया जो धक्कामुक्की तक पहुंच गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/390QKoQ
0 komentar