
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बस्तर के दो सबसे अधिक नक्सल प्रभावित जिलों के दौरे पर रवाना हुए हैं। नारायणपुर और बीजापुर जिलों का यह प्रवास तीन दिनों का होगा। मुख्यमंत्री सबसे पहले नारायणपुर के केरलापाल पहुंचे। उनके दौरे से जुड़ी एक दु:खद खबर भी आई है। बीजापुर में मुख्यमंत्री के आयोजन से जुड़ी तैयारियों में लगे एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई है।
शुरुआती सूचना के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल बीजापुर पहुंचने वाले हैं। बीजापुर के महादेव घाट के किनारे प्रशासन सफाई और सौंदर्यीकरण का काम करा रहा था। यहां पर एक टेंट लगाया जा रहा था। काम के दौरान सुबह 11 बजे के करीब हाईटेंशन तार की चपेट में आने से टेंट ठेकेदार के कर्मचारी हरीश कोर्राम की मौत हो गई।
मूल रूप से भोपालपट्टनम निवासी 22 वर्षीय कोर्राम टेंट के पाइप को ऊंचा उठा रहा था, तभी पाइप का एक सिरा हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया। पाइप पकड़े तीन और मजदूरों को भी बिजली का झटका लगा है। शुरुआती स्तर पर इसे टेंट ठेकेदार की लापरवाही का परिणाम बताया जा रहा है।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर 12.30 बजे बीजापुर पहुंचेंगे। वे वहां स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का लोकार्पण करने वाले हैं। दोपहर में वे बीजापुर के मिनी स्टेडियम में आम सभा को संबोधित करेंगे। विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी देखेंगे और ‘‘मनवा‘‘ बीजापुर लोगो का विमोचन भी करेंगे।
करीब 3.35 बजे मुख्यमंत्री महादेव तालाब को देखने जाने वाले हैं, जहां यह दुर्घटना हुई है। मुख्यमंत्री शाम 4 बजे नगर पालिका बीजापुर के गोठान पहुंचकर वहां विभिन्न गतिविधियों की जानकारी लेंगे। इसके बाद में लोहा डोंगरी पार्क जाएंगे। रात में मुख्यमंत्री बीजापुर के सर्किट हाउस में विभिन्न संगठनों, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और अफसरों से चर्चा कर रात में वहीं रुकेंगे।
मुख्यमंत्री बोले, बस्तर के विकास में कमी नहीं आने देंगे
नारायणपुर रवाना होने से पहले हेलिपैड पर प्रेस से बात करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, तीन दिन का बस्तर दौरा होगा। इसमें नारायणपुर और बीजापुर जाना है। दंतेवाड़ा बाद में जाना हो पाएगा। इस दौरे में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्थानीय आदिवासी और परंपरागत रूप से वहां रह रहे समुदायों से चर्चा होगी। अधिकारियों-व्यापारियों से बात की जाएगी। उन्होंने कहा, बस्तर के विकास में कमी नहीं आने दी जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ow7nPF
0 komentar